नैनीताल : उत्तराखंड के उधमसिंह नगर के जसपुर में मंगलवार देर रात को एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से एक कर्मी की मौत हो गयी जबकि दो गंभीर रूप से झुलस गये। आधा दर्जन से अधिक दमकल वाहनों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। काशीपुर के पुलिस अधीक्षक अभय सिंह ने बताया कि जसपुर के नादेही रोड पर श्री शानदार फाइबर इंडस्ट्री नामक फैक्ट्री मौजूद है। बीती रात को डेढ़ बजे गैस प्लांट से रिसाव के चलते फैक्ट्री में आग लग गयी।
प्रथमदृष्टया गैस रिसाव के बाद एलपीजी सिलेंडर से आग लगना माना जा रहा है। शुरूआती दौर में आग फैक्ट्री के बाहरी हिस्से में लगी। देखते देखते ही फैक्ट्री में रखे प्लास्टिक व फाइबर ने आग पकड़ ली और भयावह रूप ले लिया। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान फैक्ट्री में 25 लोग मौजूद थे। इस घटना में अर्जुन त्यागी निवासी अभय राजपुर, उत्तर प्रदेश, बुरी तरह से झुलस गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी जबकि महुआखेड़ा निवासी संजय कुमार व उप्र, अभय राजपुर निवासी राहुल कुंअर गंभीर रूप से झुलस गये।
श्री सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही जसपुर की अग्निशमन इकाई दमकल वाहन के साथ मौके पर पहंुची। सर्वप्रथम फैक्ट्री में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से झुलसे दोनों लोगों को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। साथ ही 22 लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया। श्री सिंह ने बताया कि आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, रूद्रपुर मुख्यालय के अलावा दो निजी कंपनियों के दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया।
लगभग आठ से नौ घंटों की मशक्कत के बाद आधा दर्जन से अधिक दमकल वाहनों ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही के साथ ही पोस्टमार्टम की कार्यवाही की। घटना से आहत मृतक के परिजनों ने विरोध दर्ज किया। अंत में पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया।
