जींद : हरियाणा में जींद के गांव मैंगलपुर में आज बिजली चोरी पकड़ने गयी एक टीम पर संबद्ध मकान के मालिक और उसके परिजनों द्वारा किये गये हमले बिजली निगम का लाइनमैन घायल हो गया। पुलिस ने गुरूवार को बताया कि बिजली निगम के जेई अनिल और धर्मपाल के नेतृत्व में टीम बिजली रोको अभियान के तहत गांव मैंगलपुर पहुंची थी। टीम ने सच्चाखेडा की तरफ से आने वाली सड़क के साथ लगते मकानों की जांच की तो एक मकान में छत पर कुंडी लगी मिली।
टीम मे शामिल लाइनमैन राजेश छत पर चढ़कर वीडियोग्राफी करने लगा, जिस पर मकान मालिक राममेहर तथा उसके परिवार के सदस्यों ने उस पर हमला कर दिया। परिजनों ने जेई अनिल के साथ भी हाथापाई की। मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों ने उन्हें राममेहर परिवार की चंगुल से छुडाया। घायल लाइनमैन राजेश को सामान्य अस्पताल नरवाना में भर्ती करवाया गया है। जेई अनिल की शिकायत पर सदर थाना नरवाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
