रतलाम : मध्यप्रदेश के रतलाम रेल मंडल के अमरगढ़-बामनिया के मध्य एक ट्रक ने दो राहगीरों को रौंद दिया और फाटक तोड़ता हुआ रेल पटरियों पर पहुंच गया। इस दुर्घटना में जहां तीन व्यक्तियों की मौत हो गई, वहीं रेल आवागमन भी प्रभावित रहा। पुलिस सूत्रों के अनुसार रतलाम रेल मंडल के रतलाम-मेघनगर रेलवे सेक्शन में बामनिया-अमरगढ़ के बीच सुबह कोटा स्टोन से भरा ट्रक बेहद तेज गति से आया और समपार रेल फाटक को तोड़ते हुए, वहां से गुजर रहे मोटर साइकिल सवारों को रौंद कर रेल पटरियों पर अटक गया।
ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गयी। मृतकों के नाम मनोरमा भंडारी और सुभाष भंडारी और कालू डोडिया बताए गए हैं। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही रतलाम से राहत गाड़ी तथा रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। रेलवे के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार लोडेड ट्रक के रेलवे लाइन पर आ जाने के कारण गाडियों का परिचालन बाधित हुआ। दोपहर 12 बजे डाउन लाइन से गाडियों का परिचालन आरंभ किया गया तथा अप लाइन को दोपहर सवा तीन बजे बजे गाडियों के आवागमन के लिए चालू किया गया।
इस घटना के कारण डाउन लाइन तीन घंटे तथा अप लाइन लगभग छह घंटे बंद रही। दुर्घटना के कारण गाड़ी संख्या 19019/19029 बान्द्रा टर्मिनस देहरादून बान्द्रा टर्मिनस, 19489 अहमदाबाद गोरखपुर एक्सप्रेस, 19819 वडोदरा कोटा एक्सप्रेस, 19319 वेरावल इंदौर एक्सप्रेस, 09418 पटना अहमदाबाद स्पेशल, 09382 रतलाम दाहोद मेमू, 22443 कानपुर बान्द्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, 22467 वाराणसी गांधीनगर कैपिटल एक्सप्रेस, 12904 अमृतसर मुम्बई सेंट्रल एक्सप्रेस सहित कुछ मालगाडियों का परिचालन भी प्रभावित हुआ।
