गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कश्मीर में शीत लहर जारी

श्रीनगर में कड़ाके की ठंड

श्रीनगर : केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर इन दिनों शीत लहर की गिरफ्त में है। श्रीनगर में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गयी है, जहां कल रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने बताया कि जम्मू कश्मीर में अगले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में कल मौसम की सबसे ठंडी रात रही और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

जबकि इससे पिछली रात श्रीनगर में तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने बताया कि इस मौसम में तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार आज दिन का दिन का तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस बीच प्रसिद्ध डल झील, बुलेवार्ड रोड और श्रीनगर के अन्य इलाकों में धुंध छायी हुयी है, लेकिन सूरज दिखायी दिया और ठंड फिर भी बरकरार रही।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान में मामूली सुधार हुआ और शुक्रवार को यहां का तापमान जमाव बिंदू शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था, जो साल के इस समय के दौरान घाटी में सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक था। उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात तापमान यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया था।
मौसम विभाग ने कहा कि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में पिछली रात के शून्य से नीच दो डिग्री सेल्सियस की तुलना में कल रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा कुकेरनाग में शून्य से नीचे 0.5 डिग्री और सीमांत कश्मीर के कुपवाडा जिले में तापमान शून्य से नीचे 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *