जम्मू : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में शुक्रवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया जब सुरक्षा बलों ने यहां एक मिनी बस के अंदर बैग में मिले तात्कालिक विस्फोटक उपकरण (आईईडी) का पता लगाकर समय पर निष्क्रिय कर दिया। रामबन की पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर नाशरी में पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सेना और विशेष अभियान समूह (एसओजी) का एक संयुक्त नाका तैनात किया गया था।
इस दौरान एक मिनी बस को रोका गया और यात्रियों को वाहन से सुरक्षित उतारा गया। बस की तलाशी में एक संदिग्ध बैग बरामद किया गया, जिसमें आईईडी बम पाया गया। अधिकारी ने कहा, सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर आईईडी बम को निष्क्रिय कर दिया। पुलिस ने इसका संज्ञान लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
