केंद्रपाड़ा : ओडिशा में केंद्रपाड़ा सदर पुलिस ने 23 नवंबर को पटाख विस्फोट मामले में तीन लोगों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। केंद्रपाड़ा के पुलिस अधीक्षक संदीप संपत ने बताया कि बलिया बाजार में कार्तिकेश्वरीडोल के विसर्जन के दौरान पटाखों के विस्फोट में गंभीर रूप से झुलसे 33 लोगों को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वहां उनका इलाज चल रहा है।
उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में पुलिस ने 11 लोगों को हिरासत में लिया था और बाद में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को केंद्रपाड़ा के एसडीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
केंद्रपाड़ा सदर थाना पबित्रा मोहराना के आईआईसी ने गुरुवार को छह पूजा पंडाल आयोजकों और अन्य लोगों के खिलाफ सुरक्षा उपायों का पालन किए बिना पटाखे फोड़ने की कथित घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज की थी।
पुलिस महानिरीक्षक (सेंट्रल रेंज) नरसिंह भोल ने गुरुवार को स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रपाड़ा का दौरा किया और बिना जिला प्रशासन की अनुमति के पटाखा प्रतियोगिता आयोजित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का जिला प्रशासन को निर्देश दिया। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि घायलों में से 10 लोगों का एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पटाखा विस्फोट मामला, तीन गिरफ्तार
