मां ने बदमाशों से भिड़कर बचाया, शोर मचाने पर भागे असलहाधारी 4 लोग
कानपुर : कानपुर के बिधनू में दिनदहाड़े असलहाधारी बदमाशों ने लेखपाल के घर से बच्चों के अपहरण का प्रयास किया। घर में मौजूद मां बदमाशों से भिड़ गई और शोच मचा दिया। मां और बच्चों की चीख सुनकर बदमाश डर गए। बगैर वारदात को अंजाम दिए ही भाग निकले। लेखपाल के घर लगे सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद हो गई। बिधनू पुलिस मामले में एफआअर्आर दर्ज कर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
चार बदमाश पानी मांगने के बहाने घर में घुसे
मूलरूप से पतारा निवासी लेखपाल आलोक तिवारी नारामऊ में तैनात हैं। पांच साल से वह बिधनू थाने की कोरियां चौकी क्षेत्र के कठोंगर नई बस्ती में पत्नी अरुणा, बेटे आदित्य (8) और बेटी आद्या (5) के साथ रहते हैं। आलोक तिवारी ने बताया कि शनिवार दोपहर असलहाधारी चार बदमाश पानी मांगने के बहाने पहुंचे। इसके बाद घर में घुस कर बच्चों के अपहरण का प्रयास किया। पत्नी अरुणा और बच्चों ने शोर मचाया तो बदमाश पकड़े जाने के डर से भाग निकले। जानकारी मिलते ही लेखपाल घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। वारदात के बाद से पूरा परिवार सदमे में हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही एसीपी घाटमपुर दिनेश शुक्ला, बिधनू थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पता चला कि पूरी वारदात आवाज के साथ सीसीटीवी कैमरे में कैद है। लेखपाल ने अपने घर को सीसीटीवी कैमरे से लैस करवा रखा है। एसीपी ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर अपहरण समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।
पानी के बहाने अपहरण की कोशिश
फुटेज में दिख रहा है कि 4 युवक घर के बाहर पहुंचे और एक ने पीने के लिए पानी मांगा। अरुणा ने आकर पानी दिया। इसके बाद वह युवक किसी का घर पूछने लगा। बात करते-करते अचानक वह झपटा और अंदर घुस गया। पुलिस के मुताबिक, एक-एक कर तीन युवक अंदर गए और बच्चों को दबोच लिया। इस पर अरुणा बदमाशों से भिड़ गईं। एक बदमाश ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें कंधा उखड़ गया। लेकिन, वह शोर मचाते हुए भिड़ी रही। घबराए बदमाश बच्चों को उठाने में नाकाम रहे और भाग निकले।
जमीन के विवाद में वारदात की आंशका
एसीपी ने बताया कि घर आए बदमाश पानी लेने के बहाने दरवाजे पर पहुंचे थे। इस दौरान वह यही बोल रहे थे कि उन्हीं भाई साहब का घर है जो जमीनों पर कब्जा करवाते हैं। इससे पुलिस को आशंका है कि लेखपाल से रंजिश में किसी ने वारदात को अंजाम दिया है। इसके साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। एसीपी ने बताया कि वारदात का खुलासा करने के लिए चार टीमों का गठन किया गया है।
कानपुर में लेखपाल के बच्चों के अपहरण की कोशिश
