टायर और बैंटरियां जलीं
श्रीगंगानगर : राजस्थान के हनुमानगढ़ जंक्शन में अबोहर बाईपास पर डिस्ट्रिक्ट पार्क तथा ग्रेफ मुख्यालय के समीप आज दोपहर सेना के एक ट्रक में आग लग जाने से उसमें लदे पुराने टायर तथा बैंटरियां जल गईं। ट्रक को भी नुकसान पहुंचा।
प्राप्त जानकारी के अनुसान यह ट्रक बीकानेर जिले में अर्जुनसर से बठिंडा (पंजाब) जा रहा था। दोपहर को जब ट्रक हनुमानगढ़ जंक्शन से निकल रहा था तो अचानक ही उसमें लदे सामान में आग भड़क गई। ट्रक में 7-8 सैनिक सवार थे।
चालक ने ट्रक साइड में लगा दिया और आग बुझाने के प्रयास किए गए। इस बीच सूचना पाकर जंक्शन थाना से पुलिसकर्मी भी मौके पर आ गए। आग बुझाने के लिए वाटर टैंकर को बुलाना पड़ा। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस के मुताबिक आग से ट्रक में लदे हुए पुराने टायर तथा बैंटरियां जल गईं। पुलिस ने बताया कि बैंटरियों की वजह से शॉर्ट सर्किट हो गया और आग लग गई। गनीमत रही कि ट्रक के फ्यूल टैंक तक आग नहीं पहुंची। इस कारण बड़ा अग्निकांड चल गया।
