शिमला : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बंजार के टीलापुल में स्पैन तार डाल रहे चार मजदूरों के गहरी खाई में गिरने से इनमें से दो की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान स्थानीय निवासी छापे राम और जीतराम के रूप में की गई है। घटना उस समय हुई जब पर्वतीय क्षेत्र में ऊंचाई से सड़क तक सामान पहुंचाने के लिए यह स्पैन डाला जा रहा था। यह स्पैन झूले की तरह होता है जो तार के सहारे ऊपर से नीचे पहुंचता है।
तार डालते हुये एक मजदूर का पांच फिसलने से तीन अन्य भी उसकी चपेट में आ गये। यह सभी गहरी खाई में जा गिरे। इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक गम्भीर रूप से घायल हुआ है और एक अन्य को हल्की चोटें आई हैं। गम्भीर रूप से घायल लोत राम को बंजार अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा इसके कारणों की जांच की जा रही है।
