हरदा : मध्यप्रदेश के हरदा जिला मुख्यालय पर आज एक विचाराधीन कैदी पुलिस को चकमा देकर हाथ से हथकडी उतार कर भाग निकला। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार मोटर व्हीकल एक्ट के तहत हरदा जेल में बंद विचाराधीन कैदी राजू निवासी हरदा का स्वास्थ्य खराब होने के कारण जेल गार्ड द्वारा आज उसे हरदा जिला अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया। जिला अस्पताल में चिकित्सा अधिकारी द्वारा उसे उपचार दिया गया।
इसी दौरान जब उसको वापस जेल लाने के लिए पुलिस कर्मी जेल वाहन को गेट पर लगवा रहे थे, तभी कैदी राजू ने हथकडी से अपना हाथ निकालकर दौड लगा दी। वहां तैनात दोनों जवान उसे पकड़ने के लिये उसके पीछे भागे, किन्तु वह पुलिस कर्मियों को चकमा देकर गलियों के अन्दर से फरार हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार फरार कैदी की तलाश की जा रही है। इधर, दोषी दोनों पुलिस कर्मियों के विरूद्ध निलंबन की कार्रवाई किये जानें की बात भी कही गयी है।
