नई दिल्ली : देश की प्रमुख खाद्य वस्तु निर्माता कंपनी ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लि और चीज उत्पाद क्षेत्र में फ्रांस की प्रख्यात कंपनी बेल का संयुक्त उद्यम महाराष्ट्र के राजनगांव में नया कारखाना स्थापित करेगा। यह जानकारी गुरुवार को ब्रिटानिया के अधिकारियों ने एक संवाददाता सम्मेलन में दी। दोनों कंपनियों ने भारत में संयुक्त उद्यम के समझौते की घोषणा की इसी सप्ताह की थी। इस कंपनी के महाराष्ट्र के राजनगांव में स्वदेशी तकनीक से निर्मित नये संयुक्त उद्यम चीज उत्पाद तैयार किये जायेंगे। कंपनी राजनगांव क्षेत्र के स्थानीय दुग्ध उत्पादकों से दूध खरीदेगी। संयुक्त उद्यम में तैयार किये गये उत्पादों की ‘ब्रिटानिया और लॉफिंग काऊ’ के नाम से ब्रॉन्डिंग की जायेगी।
उन्होंने कहा कि वे उपभोक्ताओं को विश्व स्तरीय पौष्टिक, स्वादिष्ट और आसानी से चीज उत्पाद उपलब्ध करायेंगे। ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक वरुण बेरी ने संवाददाताओं को बताया कि इसके तहत बेल ब्रिटानिया के पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी ब्रिटानिया डेयरी प्राइवेट लि (बीडीपीएल) के 49 प्रतिशत शेयर अधिग्रहीत करेगी। इसके बाद इस कंपनी का नाम ‘ब्रिटानिया बेल फूड्स प्राइवेट लि’ हो जायेगा।
श्री बेरी ने कहा कि बेल के साथ उनकी कंपनी के संयुक्त उद्यम के गठन के बाद भारत में विश्व स्तरीय चीज उत्पादों की बड़ी शृंखला उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा,“ हम भारत में अत्यंत स्वादिष्ट, पौष्टिक और आसानी से उपलब्ध चीज उत्पाद उपलब्ध करायेंगे। ब्रिटानिया और बेल देश में चीज उत्पादों का एक बाजार विकसित करने की कोशिश करेंगे।” उन्होंने कहा कि संयुक्त उद्यम के गठन से महाराष्ट्र दुग्ध किसानों को बहुत आर्थिक लाभ होगा। उद्यम अभी महाराष्ट्र के किसानों से दूध खरीदेगा, बाद में इसे अन्य राज्यों में विस्तारित किया जायेगा जिससे वहां के दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक लाभ पहुंचाया जा सकेगा।
बेल समूह की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेसिल बेलियोट ने इस मौके पर कहा कि ब्रिटानिया के साथ बेल की यह नयी रणनीतिक साझेदारी बेल समूह की एशिया में अपने व्यवसाय के विकास की एक रणनीति का एक कदम है। बेल का सभी के लिए स्वास्थ्यवर्धक और उत्तरदायी खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उसके मिशन का यह एक कदम है। उन्होंने कहा कि ब्रिटानिया का भारत में प्रतीकात्मक ब्रांड है और उनका मजबूत वितरण तंत्र है, इनकी विशेषज्ञता से जुड़ते हुए बेल समूह के प्रतिष्ठित ब्रांड द लॉफिंग काउ के साथ भारत के उपभोक्ताओं को स्वादिष्ट, पौष्टिक और सुगमता से उपलब्ध चीज उत्पाद उपलब्ध करायेंगे और देश के तेजी से बढ़ते चीज मार्केट की अगुवाई करेंगे। गौरतलब है कि एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में अभी प्रति व्यक्ति 0.15 किलोग्राम चीज उत्पादों की खपत है जबकि यूरोप में यह आंकड़ा 18.5 किलोग्राम प्रति व्यक्ति है।
ब्रिटानिया-बेल संयुक्त उद्यम में निर्मित करेंगे ‘चीज’
