चंडीगढ़ : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने गुरुवार को मजीठा नागरिक अस्पताल में तैनात रहे एक वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) को एक लाख पंद्रह हजार रुपये की रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। ब्यूरो प्रवक्ता ने बताया कि एसएमओ डॉ. सतनाम सिंह के खिलाफ यह कार्रवाई मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन पर दर्ज करवाई गई ऑनलाइन शिकायत के आधार पर की गई। ऑनलाइन शिकायत में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उक्त एसएमओ ने एक पुलिस केस सम्बन्धी मेडिको लीगल रिपोर्ट देने के एवज में 1,15,000 रुपए रिश्वत की माँग की और प्राप्त की थी। प्रकरण में ब्यूरो के अमृतसर थाने में भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
