मुंबई : शेयर बाजार में आई गिरावट के साथ ही आयातकों और बैंकरों की लिवाली के दबाव में आज अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया सात पैसे गिरकर 81.33 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया। वहीं, पिछले कारोबारी दिवस रुपया चार पैसे चढ़कर 81.26 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था। कारोबार की शुरुआत में रुपया 15 पैसे की तेजी लेकर 81.11 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और बिकवाली की बदौलत 81.08 रुपये प्रति डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
हालांकि सत्र के दौरान लिवाली होने से यह 81.35 रुपये प्रति डॉलर के निचले स्तर तक लुढ़क गया। अंत में पिछले सत्र के 81.26 रुपये प्रति डॉलर की तुलना में सात पैसे गिरकर 81.33 रुपये प्रति डॉलर रह गया। उल्लेखनीय है कि घरेलू शेयर बाजार की पिछले लगातार छह दिन की तेजी पर आज ब्रेक लग गया। सेंसेक्स और निफ्टी आधे प्रतिशत से अधिक की गिरावट पर रहे। इससे रुपये पर दबाव बढ़ा है।
