चंडीगढ़ : अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सुखपाल सिंह खेहरा ने सोमवार को केंद्र सरकार पर किसानों से वादाखिलाफी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान नौ दिसंबर को दिल्ली में प्रदर्शन करेंगे। पंजाब में भोलथ से कांग्रेस विधायक श्री खेहरा ने यहां जारी प्रेस बयान में कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर किसानों और खेत मजदूरों की समस्याओं को उठाया है और कहा है कि केंद्र सरकार की वादाखिलाफी के कारण यह तबका ठगा महसूस कर रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री को लिखा है कि लगभग एक साल हो गया जब कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने अपना आंदोलन वापस लिया। कृषि कानून वापस लेने के अलावा किसानों से कई वायदे किये गये थे लेकिन उनके बारे में कुछ नहीं किया गया।
उन्होंने लिखा है कि चूंकि केंद्र सरकार ने विश्वास निर्माण करने की दिशा में अब तक कोई कदम नहीं उठाया, किसान नयी दिल्ली में नाै दिसंबर को विराेध प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने पत्र में लिखा है कि किसानों की मांगों में फसल के न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी, केंद्र की तरफ से गठित समिति को भंग करना और किसानों के प्रतिनिधित्व को शामिल करते हुए नयी समिति बनाना, किसानों और खेत मजदूरों को कर्ज माफी, कृषि क्षेत्र में ऋण पर ब्याज कटौती, बिजली संशोधन विधेयक वापस लेना, लखीमपुर खीरी कांड में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी, मामले में फंसाये गये निर्दोष किसानों को बरी करना, आंदोलन के दौरान मारे गये किसानों के परिजनों को मुआवजा, सभी फसलों के लिए बीमा, किसान पेंशन योजना के तहत मध्यम, छोटे किसानों और कृषि मजदूरों को 5000 रुपये की पेंशन, मनरेगा योजना को संशोधित कर जॉबकार्ड धारकों को निजी कृषि क्षेत्र में कार्य की अनुमति देना और गेहूं का भंडारण अडानी जैसे कार्पोरेट के हवाले न करना आदि शामिल हैं।
