गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

केंद्रीय जांच ब्यूरो ने एसआईटी से मांगा पूरा रिकाॅर्ड

शिमला : हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीमें अगले दो दिनों में हिमाचल प्रदेश पहुंच सकती हैं। विशेष जांच दल (एसआईटी) और सीआईडी से पूरा रिकॉर्ड मांग लिया है। पुलिस की एसआईटी ने अब इस मामले की जांच बंद कर दी है। सीबीआई अब नये सिरे से जांच करेगी। सीबीआई पहले पेपर खरीदने वालों और फिर बेचने वालों से पूछताछ करेगी। इसके बाद और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। एसआईटी अब तक 253 आरोपियों की गिरफ्तारियां कर चुकी है। इनमें 27 आरोपी राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों के हैं।
इस मामले की जांच करने के लिए सीबीआई ने दो टीमें बनाई हैं। ये टीमें हिमाचल आकर कांगड़ा, मंडी और सोलन में डेरा डालेंगी। जांच टीमें आरोपियों से पूछताछ करेंगी। इसके बाद स्क्रीनिंग और प्रिंटिंग दोनों कमेटियों के पुलिस अधिकारियों को अलग-अलग पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। शिमला सीबीआई थाना में भी एक और एफआईआर दर्ज हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने बीते 27 मार्च को पुलिस कांस्टेबल के 1,334 पदों के लिए परीक्षा ली थी।

इसके लिए 81 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इसमें 69,405 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। परिणाम पांच अप्रैल को घोषित हुआ था। छह मई को ही पुलिस ने कांगड़ा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पेपर लीक मामले में सीबीआई ने करीब छह महीने बाद एफआईआर दर्ज कर दी है। इसके साथ ही इस मामले में 116 अभ्यर्थियों समेत कुल 171 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *