हिसार : हरियाणा में हिसार जिले के एक गांव में पिछले एक सप्ताह से गुमशुदा किशोरी का शव जलघर में मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम किया। पुलिस के अनुसार आर्यनगर गांव निवासी 13 वर्षीय किशोरी परिजनों ने 29 नवंबर को आजाद नगर थाने में गांव के एक युवक के खिलाफ 13 वर्षीय लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। कल जलघर में उसका शव मिला। पोस्टमार्टम में डॉक्टरों ने बताया कि लड़की की मौत 96 घंटे पहले हुई है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से असंतुष्ट परिजनों और ग्रामीणों ने आज बालसमंद रोड़ के आर्य नगर गांव में जाम लगा दिया है। परिजनों ने बालिका की हत्या की आशंका जताते हुए मामले मेें धारा 302 लगाने की मांग की। परिजन और ग्रामीण लगभग दो घंटे तक रोड पर बैठे रहे और आवागमन बाधित रहा। ग्रामीणों ने एलान किया कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नही मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। जाम की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
परिजनों की मांग है कि मृतका के शव का दोबारा से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमॉर्टम हो। आजाद नगर थाना प्रभारी सदानंद ने कहा कि पुलिस प्रशासन परिजनों के साथ है और फिर से चिकित्सीय परीक्षण कराने के अलावा बनती कार्रवाई की जाएगी।
किशोरी की मौत: ग्रामीणों ने किया रोड जाम
