चंडीगढ़ : पंजाब वित्त विभाग ने राजकोषीय कार्यालयों में भ्रष्टाचार की शिकायतों पर सख़्त कार्यवाही करते हुए एक वरिष्ठ सहायक को निलंबित कर कई अन्य अधिकारियों/ कर्मचारियों को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी करने के आदेश जारी किये हैं।
इसके अलावा 86 लाख रुपए से अधिक के संदिग्ध लेन-देन वाले इस मामले में तीन अधिकारी/कर्मचारी पहले ही निलंबित कर दिया गया था।
उन्होंने इस मामले में कानूनी कार्यवाही शुरू करने के आदेश भी दिए। श्री चीमा ने बताया कि मान सरकार की तरफ से शुरू की गई भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम के तहत खज़़ाना दफ्तरों में भ्रष्टाचार सम्बन्धी अलग-अलग शिकायतों की जांच करने के लिए गत दो जून को विभागीय जांच कमेटी का गठन किया गया था। उन्होंने कहा कि जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर एक निरीक्षक, एक सीनियर सहायक और एक जूनियर सहायक पहले ही निलंबित हैं तथा एक सीनियर सहायक को आज निलंबित कर दिया गया और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के लिए राज्य स्तरीय और क्षेत्रीय खज़़ाना दफ्तरों के कई अन्य अधिकारियों/ कर्मचारियों को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किये गए हैं।
जांच कमेटी की तरफ से सौंपी रिपोर्ट अनुसार कुल 86,44,022 रुपए के संदिग्ध लेन-देन की आगे जांच की जा रही है। उन्होंने ईमानदार और समर्पित अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे राज्य से भ्रष्टाचार को ख़त्म करने की पहलकदमियों का समर्थन करें। राज्य सरकार भ्रष्टाचार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
