कानपुर में नगर आयुक्त से हुई थी कहासुनी; कर्मचारी बोले- बहुत नौटंकी करता है तू
कानपुर : कानपुर में मंगलवार को नगर आयुक्त और भाजपा नेता के बीच बहस हो गई। मामला तूल पकड़ा तो नगर आयुक्त की सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने पहले तो भाजपा नेता को ऑफिस के बाहर कर दिया। इसके बाद भी उनके नहीं मानने पर घसीटते हुए गेट के पास तक ले गए। इस दौरान कर्मचारी कहते रहे कि नौटंकी बहुत करता है तू। इस घटना के बाद भाजपा नेता सतीश महाना से मिलने के लिए लखनऊ रवाना हो गया है।
भाजपा नेता कपिल गुप्ता ने आरोप लगाते हुए बताया कि ग्वालटोली में कुछ लोग एक जमीन पर कब्जे किए हुए हैं। उसकी शिकायत कुछ लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष से की थी। सतीश महाना के यहां से मुझे इस प्रकरण में नगर आयुक्त के पास जाने के लिए कहा गया था। उसी संबंध में मैं उनसे मिलने गया था।
पूछताछ के बाद पुलिस ने छोड़ा
समस्या सुनने के बाद मैंने नगर आयुक्त से कहा कि नगर निगम की कार्यवाही से अवगत करा दें। इस पर वे भड़क गए। उन्होंने गार्ड बुला लिए। मैं ऑफिस में ही बैठ गया। गार्ड ने मुझे धक्के मारकर बाहर निकाल दिया। बाहर भी कर्मचारियों ने घसीटते हुए नीचे ले आए। स्वरूप नगर थाने की पुलिस अपने साथ ले गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने छोड़ दिया।
सूटरगंज वार्ड से लड़ चुका है चुनाव
भाजपा नेता कपिल गुप्ता वर्ष-2017 में सूटरगंज वार्ड से भाजपा के टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ चुका है। कपिल गुप्ता ने बताया कि मेरे साथ मारपीट की कोशिश की गई। मैं लखनऊ जा रहा हूं। सतीश महाना से पूरे प्रकरण की शिकायत करूंगा। कार्रवाई करने की मांग करूंगा।
संभव पोर्टल के तहत शिकायत करने को कहा था
मामले में नगर आयुक्त ने बताया कि उनकी मैंने पूरी बात सुनी। चूंकि शासन के निर्देश पर मंगलवार को संभव पोर्टल के तहत शिकायतों की सुनवाई होती है। मैंने उनसे कहा कि बगल के कमरे में संभव पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, मैं भी वहीं पहुंच रहा हूं। वहीं पर ही पूरी समस्या का समाधान कर दूंगा। इसके बाद भी वह नहीं माने और ऑफिस में चिल्लाने लगे।
भाजपा नेता को घसीटते हुए गेट के बाहर निकाला
