जयपुर : राजस्थान के जयपुर जिले में सामाजिक सुरक्षा योजना से जुड़ी पेंशन योजनाओं के प्रकरणों का सत्यापन 31 दिसंबर तक होना सुनिश्चित किया जाए, सत्यापन के अभाव में लाभार्थी के पेंशन परिलाभ नहीं रुकने चाहिए। जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने आज कलक्ट्रेट में वीसी के माध्यम से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। जिसमें उन्होंने अधिकारियों को कहा कि डोर टू डोर संपर्क कर भौतिक सत्यापन करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत आशा सहयोगिनियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम सेे ई-केवाईसी करवाने और योजना के तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों को पंजीकृत करवाने के निर्देष दिये। साथ ही उन्होंने उपखण्ड अधिकारियों को जल जीवन मिशन योजना के तहत आ रही समस्याओं के जल्द निस्तारण के लिए निर्देशित किया।
इस दौरान कलक्टर श्री राजपुरोहित ने कहा कि घर घर औषधी योजना के तहत 1 जुलाई, 2023 में जयपुर जिले में 22 लाख से ज्यादा पौधारोपण सुनिश्चित किया जाना हैै इसके लिए आगामी 7 दिनों में पौधारोपण के लिए स्थान चिह्नित किये जाएं।
वीसी में कलक्टर ने परित्यक्ता महिलाएं एवं दिव्यांग तथा अन्य वर्गों के पात्र लाभाथियों को पालनहार योजना से जोड़ने के निर्देष दिये, साथ ही उन्होंने पालनहार योजना के तहत प्रति पंचायत 40 से कम पंजीकरण होने पर विकास अधिकारियों और सीडीपीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
सत्यापन के अभाव में नहीं रुकने चाहिए लाभार्थी के पेंशन परिलाभ
