गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जी-20 बैठक, शिल्पग्राम में शेरपाओं ने उठाया जमकर लुत्फ

उदयपुर : राजस्थान के उदयपुर जिले में आयोजित हो रही जी-20 की बैठकों के दौरान सभी शेरपाओं ने आज देर शाम शिल्पग्राम पहुंचकर कला संस्कृति का जमकर लुत्फ उठाया। प्रदेश एवं देश की गौरवशाली नृत्य एवं संगीत परम्पराओं को प्रदर्शित करती लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों को अन्य देशों से पधारे जी-20 शेरपा एकटक निहारते ही रह गए और मिट्टी एवं अन्य धातुओं से बनी विभिन्न सजावटी कलाकृतियों को देख अभिभूत हुए। इस दौरान ब्राजील के शेरपा ने कच्छी घोड़ी डांस किया वहीं कई अन्य शेरपा ऊंट पर बैठकर शिल्पग्राम का दौरा करते नजर आए। इस दौरान विदेशी अतिथियों ने यहां के लोक कलाकारों के साथ जमकर फोटो भी खिंचवाएं।
विदेशी अतिथियों के शिल्पग्राम भ्रमण दौरान कई मृण शिल्पकारों ने अपनी कला का जादू बिखेरा इस दौरान पोकरण से आए शिल्पकार मिश्रीलाल ने परंपरागत चाक पर मिट्टी की कलाकृतियों को बना कर दिखाया वहीं रावलिया कला गोगुंदा के रमेश कुमार ने मोलेला की माटी से महाराणा प्रताप की प्रतिमा को तैयार कर अपने अनूठे कला कौशल को उजागर किया। शिल्पग्राम में विदेशी अतिथियों के भ्रमण के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त मधुकर गुप्ता, पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की निदेशक किरण सोनी गुप्ता, आईजी प्रफुल्ल कुमार, एसपी विकास शर्मा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *