श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आने से प्रसिद्ध डल झील के कुछ हिस्से जम गए। मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर में कल घना कोहरा छाया रहेगा और मौसम शुष्क रहने के अनुमान हैं। जम्मू-कश्मीर के कुछ मैदानी इलाकों और निचले इलाकों में नौ और दस दिसंबर को हल्की से मध्यम में बर्फबारी होने के आसार हैं।
आईएमडी ने बताया कि कुपवाड़ा, बांदीपोरा और गांदरबल के ऊंचे इलाकों में 12 दिसंबर की रात से हल्की बर्फबारी के आसार हैं। उन्होंने बताया कि डल झील के कुछ हिस्सों के छोटे नाले, धाराएं जमी हुई बर्फ की चादरों की मोटी परत से ढकी गयी हैं, जिससे श्रीनगर में ठंड की स्थिति बनी हुई थी और बुधवार को तापमान -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जो इस अवधि के दौरान सामान्य से -2.4 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग ने कहा कि शिकारा चलाने वाले लोगों ने डल झील की बर्फीली सतह को तोड़ा, जिससे उनकी नावों को पानी में आगे बढ़ने का रास्ता मिल सके।
श्रीनगर पिछले कुछ सप्ताह से कड़ाके की ठंड का सामना कर रहा है और पांच दिसंबर को तापमान -3.4 डिग्री सेल्सियस कम होने के साथ मौसम की सबसे ठंडी रात रही थी। कश्मीर के स्वतंत्र मौसम पर्यवेक्षक फैजान आरिफ ने यूनीवार्ता को बताया कि नौ और दस दिसंबर को आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण कश्मीर घाटी में रात के तापमान में सुधार होगा, जिससे ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश होने के आसार हैं और इस दौरान बादल छाए रहेंगे।
मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण कश्मीर में पहलगाम का पर्यटन स्थल बुधवार को कश्मीर घाटी में सबसे ठंडा स्थान बना रहा, जहां तापमान और गिरकर -5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जो कि इस अवधि के दौरान सामान्य से – 2.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। उन्होंने कहा कि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान -4.0 डिग्री सेल्सियस नीचे, काजीगुंड में -3.6 डिग्री सेल्सियस, कुकरनाग में -1.9 डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा के सीमावर्ती जिले में -3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
