गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रामपुर में भाजपा ने बनायी बढ़त

रामपुर : समाजवादी पार्टी (सपा) के कद्दावर नेता मोहम्मद आजम खां की नाक का सवाल बनी रामपुर सदर विधानसभा सीट पर शुरूआती बढ़त हासिल करने के बाद सपा की पकड़ ढीली हो गयी है और 20वें चरण की मतगणना के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार ने बढ़त हासिल कर ली है। यहां हुये उपचुनाव की मतगणना में आजम के करीबी मोहम्मद आसिम राजा 20 चरणों तक भाजपा प्रतिद्धंदी आकाश शर्मा से छह हजार से अधिक मतों से बढ़त बनाये हुये थे मगर बाद में उनकी पकड़ ढीली पड़ती गयी और मतगणना के 27वें चरण की समाप्ति पर वह भाजपा प्रत्याशी से 13597 मतों से पिछड़ रहे थे।
मतगणना स्थल के बाहर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किये गये हैं। शुरूआती दौर में भाजपा समर्थकों के चेहरे पर तनाव व्याप्त था जो अब सपा समर्थकों के चेहरों पर देखा जा रहा है। गौरतलब है कि रामपुर विधानसभा उपचुनाव में 33.94 फीसदी मतदान हुआ था। सपा का आरोप था कि उनके समर्थकों को जबरन वोट डालने से रोका गया और पुलिस ने उन्हे घर से बाहर निकलने नहीं दिया। सपा महासचिव प्रो रामगोपाल यादव ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को इस बाबत एक पत्र लिख कर रामपुर में दोबारा मतदान की मांग की है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि रामपुर में लोकतंत्र की हत्या की गयी है।
रामपुर में उपचुनाव मोहम्मद आजम खान को एक मामले में तीन साल की सजा सुनाये जाने के बाद विधानसभा की सदस्यता रद्द किये जाने के कारण हो रहा है। राजा को आजम का बेहद करीबी माना जाता है और उनकी अनुशंसा पर ही सपा ने उन्हे टिकट दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *