श्रीनगर : केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के कश्मीर घाटी में शनिवार से बर्फबारी होने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान में सुधार हुआ तथा गुरुवार को भी धुंध छाई रही। मौसम विज्ञान केन्द्र श्रीनगर ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के ज्यादातर क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहने तथा घाटी में धुंध छाये रहने का अनुमान व्यक्त किया है। जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों में कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश के साथ 9-10 दिसंबर को बादल छाए रहेंगे।
विभाग ने कहा कि नौ दिसंबर की रात से 10 दिसंबर को पूर्वाह्न कश्मीर के मैदानी इलाकों में एक-दो इंच हल्की बर्फ गिरने के आसार हैं, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में 9-10 इंच बर्फ गिर सकती है। विभाग ने एक परामर्श भी जारी किया है जिसमें कहा गया है कि 9-10 दिसंबर के दौरान श्रीनगर-लद्दाख राजमार्ग पर सिंथन टॉप, मुगल रोड, राजदान पास, बांदीपोरा-गुरेज़ और ज़ोजिला पर परिवहन में अस्थायी व्यवधान हो सकता है।
जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहने और धुंध भरे मौसम के कारण कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा। रात के तापमान में सुधार हुआ और यह शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात तापमान शून्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। दक्षिण कश्मीर में पर्यटक स्थल पहलगाम गुरुवार को कश्मीर घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान एक दिन पहले शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे था, जबकि मैदानी घाटी के लिए सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम था।
कश्मीर घाटी में शनिवार से बर्फबारी की संभावना
