गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मुरादाबाद में जीएसटी छापों की भनक लगते ही बाजार बंद

कुंदरकी में धड़ाधड़ बंद हुईं सारी दुकानें; सोमवार को मुरादाबाद में भी पड़े थे छापे, व्यापार मंडल खफा
मुरादाबाद :
मुरादाबाद के कुंदरकी कस्बे में जीएसटी अधिकारियों के छापे की भनक लगते ही पूरा बाजार मिनटों में बंद हो गया। कुंदरकी में जैसे ही जीएसटी अधिकारियों के छापे की भनक व्यापारियों को लगी तो सभी ने धड़ाधड़ अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। इससे पहले सोमवार को मुरादाबाद शहर में भी जीएसटी अधिकारियों ने बाजार में करीब 100 दुकानों पर छापामारी कर चेकिंग की थी।
जीएसटी के छापों पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने कड़ा एतराज जताया है। संगठन के जिलाध्यक्ष दीपक अग्रवाल का कहना है कि सोमवार और मंगलवार को अधिकारियों ने मुरादाबाद के बाजारों में 100 से ज्यादा दुकानों पर छापा मारे। उन्होंने कहा कि इस तरह छापामारी करके व्यापारियों को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। दीपक बोले- व्यापारी तो खुद ही अपना पूरा टैक्स विभाग को जमा कर रहे हैं। फिर छापों के पीछे अधिकारियों का क्या मकसद है? उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल इन छापों की निंदा करता है और पूरी ताकत से इनका विरोध करेगा।
कुंदरकी के बाजार में घूम रहे ग्राहक, दुकानदार गायब
शुक्रवार को दोपहर करीब 3 बजे कुंदरकी के बाजार में जीएसटी छापों की खबर तेजी से फैली। व्यापारियों को जैसे ही पता लगा बमुश्किल 10 मिनट के भीतर पूरा बाजार बंद हो गया। हालात ऐसे बने कि बाजार में ग्राहक तो घूम रहे थे लेकिन दुकानों के शटर बंद थे और दुकानदार गायब थे। हालांकि जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि शुक्रवार को कुंदरकी में उनकी टीम छापामारी करने गई भी थी ? या महज अफवाह पर ही पूरा बाजार बंद हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *