श्रीगंगानगर : अखिल भारतीय किसान सभा की केंद्रीय किसान कौंसिल के सदस्य कामरेड श्योपत मेघवाल ने पोंग डैम में पर्याप्त पानी होने के बावजूद जल संसाधन विभाग एवं रेगुलेशन कमेटी पर इंदिरा गांधी नहर परियोजना के प्रथम चरण की खेती बर्बाद करने का आरोप लगाया है। श्री मेघवाल ने प्रथम चरण की नहरों को 4 में से 2 समूह का रेगुलेशन जारी रखने की मांग की है।
श्री मेघवाल ने आज एक बयान में कहा पौंग डैम में 1368 फुट पानी का लेवल होने के बाद भी किसान विरोधी रेगुलेशन बनाया जा रहा है। उन्होंने रायसिंहनगर से भाजपा विधायक बलवीर लूथरा, सूरतगढ़ से भाजपा विधायक रामप्रताप कासनिया और अनूपगढ़ से भाजपा विधायक संतोष बावरी द्वारा गत छह दिसंबर के बाद तीन में से एक समूह में रेगुलेशन बनाने की सहमति देने पर कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा सिंचाई रेगुलेशन को लेकर ज्ञान का अभाव है, जिसका क्षेत्र को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इस रेगुलेशन के चलते प्रथम चरण के किसान की खेती पूरी तरह चौपट हो जायेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में किसानों को संघर्ष तेज करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रथम चरण को बर्बाद होता देखने की बजाय हमें सरकार एवं सिंचाई विभाग की मनमानी के खिलाफ मोर्चा खोलने की जरूरत है।
