गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बेंगलुरु में वित्त एवं केंद्रीय बैंक के प्रतिनिधियों की बैठक शुरू

बेंगलुरु : भारत की अध्यक्षता में जी-20 देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंकों के प्रतिनिधियों (एफसीबीडी) की पहली बैठक मंगलवार को शुरू हुई। दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के इस समूह की इस तीन दिवसीय बैठक के एजेंडा में वैश्विक अर्थव्यवस्था की दशा, अंतरराष्ट्रीय वित्तीय बाजार की संरचना और कर्ज की स्वस्थ व्यवस्था तथा बुनियादी ढांचा विकास जैसे विषय शामिल हैं। दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के समूह जी-20 इंडिया के ट्विटर हैंडल पर एक ट्वीट में कहा गया, “जी-20 इंडिया के तहत जी-20 फाइनेंस ट्रैक की पहली बैठक चल रही है। वैश्विक व्यापक आर्थिक मुद्दों पर ध्यान देने के साथ साथ वित्तीय क्षेत्र पर जी-20 की ये बैठकें इससे संबंधित सभी प्रमुख मुद्दों पर वैश्विक व्यवस्था को उपयुक्त रूप में ढालने के लिए उत्कृष्ठ अवसर प्रदान करती हैं।”
जी-20 की भारत की अध्यक्षता में समूह के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों की पहली बैठक 23-25 फरवरी, 2023 के बीच बेंगलुरु में होगी। जी-20 के एक बयान के समूह का फाइनेंस ट्रैक ( वित्तीय विषयों संबंधी चर्चा का मंच) वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए प्रासंगिक प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करता है, जिसमें वैश्विक आर्थिक दृष्टिकोण, अंतरराष्ट्रीय वित्तीय व्यवस्था का ढांचा, बुनियादी ढांचा विकास और वित्तपोषण, कर्ज की ठोस व्यवस्था, वैश्विक स्वास्थ्य, अंतरराष्ट्रीय कराधान, वित्तीय समावेशन और वित्तीय क्षेत्र के मुद्दे शामिल हैं।’ बयान में कहा गया है कि बेंगलुरू बैठक की चर्चा इस समूह में वित्तीय चर्चाओं की व्यवस्था में शामिल एजेंडा पर केंद्रित होगी।
भारत की अध्यक्षता में जी-20 के ‘वित्त ट्रैक’ की इस बैठक में समूह के सदस्यों के वित्त विभागों और केंद्रीय बैंकों के प्रतिनिधि शामिल है। इस तरह की बैठकें जी-20 देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों के नेतृत्व में वित्त क्षेत्र की राह, आर्थिक और वित्तीय मुद्दों पर एक सामूहिक रुख तय करने पर केंद्रित होती है। यह वैश्विक आर्थिक संवाद और नीति समन्वय के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करता है। जी-20 एफसीबीडी की बेंगलूर बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वित्त मंत्रालय में आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव और आरबीआई के डिप्टी गवर्नर डॉ माइकल डी पात्रा मिलकर कर रहे हैं।

बैठक में जी-20 सदस्य देशों और कई अन्य देशों के प्रतिनिधि तथा आमंत्रित अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इसमें 21वीं सदी की साझी वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों का पुनर्विन्यास, ‘भविष्य के शहरों’ का वित्तपोषण, वैश्विक ऋण व्यवस्था की कमजोरियों का प्रबंधन, वित्तीय समावेशन और उत्पादकता लाभ को आगे बढ़ाना, जलवायु परिवर्तन से निपटने के काम के लिए वित्तपोषण और संयुक्त राष्ट्र के स्वस्थ्य विकास के लक्ष्यों (एसडीजी) तथा ऐसी चुनौतियों पर विश्व स्तर पर समन्वित दृष्टिकोण पर चर्चा होगी।
बेंगलुरू में उपस्थित जी-20 के प्रतिनिधि क्रिप्टो संपत्तियों के बेरोक-टोक के नियमन और अंतरराष्ट्रीय कराधान जैसे विषयों पर चल रही वार्ताओं को आगे बढाएंगे। बैठक के दौरान, ‘21वीं सदी की साझा वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए बहुपक्षीय विकास बैंकों को मजबूत बनाने’ पर एक पैनल चर्चा तथा ‘हरित वित्त पोषण में केंद्रीय बैंकों की भूमिका’ पर एक संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। वित्त ट्रैक की लगभग 40 बैठकें भारत में कई स्थानों पर आयोजित की जाएंगी, जिनमें जी-20 के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों की बैठकें शामिल हैं। वित्त ट्रैक में होने वाली चर्चाएँ अंततः जी-20 नेताओं की घोषणा में दिखाई दे सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *