गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

8 महीने की प्रेग्नेंट महिला और पति की हत्या

चाचा और उसके बेटे ने रॉड से पीट-पीटकर मार डाला, 15 बीघा जमीन का था विवाद
बदायूं :
बदायूं में 15 बीघा जमीन के लिए पति-पत्नी को उसके चाचा और चचेरे भाई ने पीट-पीटकर मार डाला। छोटे भाई को भी हत्यारों ने रॉड से पीटा। जिससे वह बेहोश हो गया। जब होश आया तो 112 नंबर पर घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि शादी के ढाई साल बाद मृतक की पत्नी गर्भवती हुई थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुई घटना
इस हत्याकांड में बच गए उदयवीर ने बताया, मैं अपने भाई सोमवीर के घर आया हुआ था। रात में मैं अलग सोया था, जबकि भैया और भाभी दोनों अलग बरामदे में सोए थे। रात में करीब 3.30 बजे चाचा अमर सिंह और चचेरे भाई सत्येंद्र सिंह दीवार फांदकर घर में घुस आए और भैया भाभी पर रॉड लेकर ताबड़तोड़ वार करने लगे। जब चीख-पुकार सुनकर मेरी आंख खुली, तो मैंने विरोध किया। इतने में मेरे सिर पर भी सत्येंद्र ने रॉड से वार कर दिया। जिससे मैं बेहोश होकर गिर पड़ा। उदयवीर ने बताया, सुबह लगभग 5.30 बजे मेरी बेहोशी टूटी तो मैंने देखा कि भैया और भाभी लहूलुहान अवस्था में जमीन पर पड़े हैं। खून काफी बह चुका था। मुझे भी शायद वह लोग मरा समझकर छोड़कर चले गए थे। इसी वजह से मैं बच गया। आनन-फानन में मैंने 112 डायल कर पुलिस को बुलाया। मौके पर पुलिस के पहुंचने पर जांच शुरू हुई। आरोपियों के बारे में बताने पर चाचा अमर सिंह के घर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर किया गया।
हत्या के बाद घर में सो रहा था आरोपी
एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा ने बताया, मृतक सोमवीर के घर से मात्र 250 मीटर दूर पर हत्यारोपी अमर सिंह का घर है। उदयवीर के बताने पर जब हम वहां पहुंचे तो चौंक गए। घरवालों ने बताया कि अमर सिंह सो रहा है, जबकि सत्येंद्र कहीं बाहर गया हुआ था। अमर सिंह को जगाया गया और सत्येंद्र को फोनकर बुलाया तो वह भी आ गया। इस तरह से आरोपियों की गिरफ्तारी की बात पुलिस को हजम नहीं हो रही थी।
मृतक के भाई से हुई सख्ती से पूछताछ
उन्होंने बताया कि पहले लगा कि इस घटना के पीछे कहीं न कहीं उदयवीर का हाथ है। इसके बाद जब पड़ताल शुरू हुई तो कहानी कुछ और ही निकल कर सामने आई। दरअसल, यह डबल मर्डर 15 बीघा जमीन को लेकर हुआ था। आरोपियों को विश्वास था कि हमले में उदयवीर भी मर गया है। इसलिए उन पर किसी को शक न हो, इसलिए वह फरार नहीं हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *