गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अडानी समूह ने हिमाचल में एसीसी सीमेंट इकाई की बंद

शिमला : अडानी समूह ने हिमाचल में बिलासपुर जिले के बरमाणा स्थित एसीसी सीमेंट इकाई में ढुलाई व कच्चे माल के दाम बढ़ने से घाटे का हवाला देते हुए बंद कर दिया है। नोटिस जारी कर कंपनी के कर्मचारियों और वर्करों को ड्यूटी पर नहीं आने के लिए कहा गया है। इससे कंपनी में माल ढुलाई करने वाले करीब चार हजार ट्रक ऑपरेटरों की रोजी-रोटी पर भी संकट आ गया है। सीमेंट प्लांट बंद होने से करीब 15,000 परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट छा गया है। दोनों प्लांट में अनिश्चित काल के लिए सभी गतिविधियां बंद करने की घोषणा से कर्मचारी और अन्य वर्कर परेशान हैं।

बताया जा रहा है कि बीते कई दिनों से दाड़लाघाट प्लांट में इस तरह की हलचल चल रही थी। देर शाम को कंपनी प्रबंधन ने प्लांट को बंद करने के फरमान जारी कर दिए। उधर, अदाणी समूह की एसीसी सीमेंट फैक्ट्री बरमाणा के प्लांट हेड ने बुधवार शाम को नोटिस जारी कर गुरुवार से फैक्ट्री में अनिश्चित काल के लिए सभी गतिविधियां बंद करने की घोषणा की। एसीसी सीमेंट फैक्ट्री बरमाणा से जिला बिलासपुर और प्रदेश के करीब 3,800 ट्रक ऑपरेटर जुड़े हैं।
गौरतलब है कि बीते दिनों राज्य में सीमेंट के दाम में करीब पांच रुपये प्रति बैग बढ़ाने पर कांग्रेस की नवनिर्वाचित सरकार ने मामले में समीक्षा करने के आदेश दिए थे। मुख्य सचिव आरडी धीमान ने आज यहां बताया कि अडानी समूह ने सीमेंट कंपनी ने प्लांट बंद करने के लिए राज्य सरकार को नोटिस नहीं दिया। उन्होंने बताया कि डीसी बिलासपुर और डीसी सोलन यूनियन और कंपनी अधिकारियों से बात कर रहे हैं। सरकार का काम सिर्फ दोनों के बीच मध्यस्थता करना है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। मुख्य सचिव आरडी धीमान ने दोनों डीसी से रिपोर्ट मांगी है।
बरमाणा स्थित प्लांट हेड अमिताव सिंह की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि परिवहन और कच्चे माल की लागत में वृद्धि और बाजार की मौजूदा स्थितियों के कारण सीमेंट ढुलाई में भारी कमी आई है, जिससे कंपनी के बाजार हिस्से पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। कंपनी को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ रहा है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए प्लांट से संबंधित सभी गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से बंद करने के लिए प्रबंधन मजबूर है और सभी कर्मचारियों को सूचित किया जाता है कि अगले निर्देश तक कार्य पर उपस्थित न हों। उधर, इस संदर्भ में प्लांट हेड से पक्ष लेने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।
बीडीटीएस के नवनिर्वाचित प्रधान राकेश कुमार रॉकी ने कहा कि कंपनी के इस फैसले के बाद बरमाणा में ऑपरेटरों के साथ गुरूवार को बैठक की जाएगी। वहीं, दाड़लाघाट में ट्रांसपोटर्स यूनियनों ने 16 दिसंबर को बैठक बुलाई है। इस बैठक में कंपनी की ओर से उठाए गए कदमों को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। हिमाचल प्रदेश बिलासपुर के उपायुक्त पंकज राय ने मिली जानकारी मिली है कि प्लांट प्रबंधन ने सभी गतिविधियां बंद करते हुए कर्मचारियों को काम पर नहीं आने का नोटिस जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *