उदयपुर : राजस्थान खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड जयपुर एवं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में 17 दिवसीय संभाग स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी 2022 आज से यहां टाउनहॉल प्रांगण में प्रारम्भ हुई। प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए संभागीय आयुक्त राजेन्द्र कुमार भट्ट ने कहा कि खादी ने आजादी के आन्दोलन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी था और उस समय से खादी एक विचार के रूप में आज भी चल रही है। जिसमें अब नवाचारों की आवश्यकता है।
राजस्थान अनुसूचित जनजाति परामर्शदात्री के सदस्य लक्ष्मीनारायण पण्ड्या ने कहा कि बदलते परिवेश में खादी में नवाचारों की आवश्यकता महसूस की जानें लगी है। कुछ संस्थाओं ने नवाचारों को अपनाया है लेकिन वृह्द रूप से इसे अपनाने और इसमें तकनीकी सहयोग व सुधार की भी जरूरत है। खादी संस्थाओं को आ रही समस्याओं का समाधान निकालने के लिये संस्थाओं को आगे आना होगा। महात्मा गांधी दर्शन समिति के संयोजक पंकज शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजनीति से उपर उठकर खादी संस्थाओं को सहयोग किया है।
प्रारम्भ में प्रदर्शनी संयोजक एवं खादी ग्रामोद्योग के संभाग अधिकारी गुलाबसिंह गरासिया ने बताया कि इस बार प्रदर्शनी में देश के विभिन्न कोनों से आयी खादी एवं ग्रामोद्योग इकाईयेां की कुल 105 स्टॉलें लगी है। खादी प्रदर्शनी का आयोजन खादी संस्थाओं द्वारा उत्पादित माल को बाजार एवं ग्रामोद्योग इकाईयों को स्थापित करने हेतु बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने का एक माध्यम है। उन्होंने बताया कि उदयपुर में 1984 से खादी प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
उदयपुर में 17 दिवसीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी प्रारम्भ
