अलवर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह ने राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता में भयंकर आक्रोश बताते हुए कहा है कि इस कारण वह भाजपा की जनआक्रोश यात्रा से जुड़ने लगी है। श्री सिंह अलवर जिले के बहरोड में जनाक्रोश सभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आक्रोश यात्राएं जनता के द्वारा निकाली जा रही हैं, अब सभाओं के माध्यम से जनता भाजपा से जुड़ रही है और कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता में भयंकर आक्रोश है। भाजपा की जन आक्रोश यात्राओं को 200 विधानसभाओं में आमजन का भरपूर समर्थन मिला।
उन्होंने कहा कि 200 रथों के माध्यम से लगभग एक लाख 11 हजार किलोमीटर की यात्रा संपन्न हो चुकी है, हजारों नुक्कड़, सभाएं एवं चौपाले और करोड़ों लोगों से जनसंपर्क किया जा चुका है। भाजपा की वेबसाईट एवं शिकायत पेटिका में लाखो से अधिक शिकायते प्राप्त हुई और लाखो की संख्या मे आमजन से मिस्ड कॉल प्राप्त हुई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान की जनता में कांग्रेस सरकार से आक्रोशित है, इस सरकार में जंगलराज है। न्याय की कोई व्यवस्था नहीं है चारों तरफ अपराध फैले हुए हैं और प्रदेश अपराधियों की शरणस्थली बन चुका है । कांग्रेस सरकार के चार वर्ष के शासन मे जंगलराज, अराजकता, तुष्टिकरण की राजनीति, बहुसंख्यकों पर अत्याचार, पुजारियों की जलाकर हत्यायें की गई, जिसमें करौली, भीलवाड़ा, जोधपुर, उदयपुर की घटनायें सबके सामने हैं।
श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश मे ऐसा शासन पहली बार देखा है कि ‘जिसकी लाठी उसकी भैंस’ जिसे लोकतंत्र मे सहन नही किया जा सकता है। सम्पूर्ण किसान कर्जमाफी का कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वर्ष 2018 में वादा किया था, आज सरकार को चार साल हो चुके है प्रदेश में 60 लाख किसानो पर एक लाख 20 हजार करोड़ का कर्जा बाकी है । कांग्रेस शासन में प्रदेश में 18817 किसानों की जमीनें कुर्क हो गई, किसानों की सबसे अधिक चार हजार से अधिक जमीनें नीलाम अलवर में हुई हैं । 200 से अधिक किसानों ने आत्महत्या कर ली, राहुल गांधी बेसिर पैर की बातें करने में एक्सपर्ट हो रहे हैं अधूरे दर्शनशास्त्र को जनता समझ चुकी है, जब कांग्रेस को जड़ों की ओर जाना है तो बसवाँ से अलवर वाले रास्ते पर हाईवे के अग़ल बग़ल के सैकड़ों हरे भरे पेड़ जडों से ही काट दिए गए हैं । क्या ये है जडों की ओर जाना ।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को श्री राहुल गांधी की राह पर तिनका भी मंजूर नहीं जबकि प्रदेश की जनता को कांग्रेस सरकार ने चार साल मे कांटे ही दिये। कृषि बिजली कनेक्शन में सब्सिडी पिछली सरकार दे रही थी, पर कांग्रेस सरकार आते ही बंद कर दी गई, ढाई वर्ष पश्चात प्रारंभ किया गया। बाजरा की समर्थन मूल्य पर खरीद नहीं हो पा रही है, फसलों के उचित दाम नहीं मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी की स्थिति दयनीय है देश मे सबसे अधिक बेरोजगारी राजस्थान में है। प्रदेश में 70 लाख बेरोजगारों को नौकरी एवं बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया गया था जिसे सरकार पूरा करने मे असफल हुई। भर्ती परीक्षाओं की हालत खराब हो गई। सभी परीक्षाओं मे हेरफेर ,रीट मे चीट से युवाओं का भविष्य दांव पर लगाया। बिजली में 10 से 11 बार विभिन्न चार्ज के रूप में वृद्धि की गई है। जो सरकार के झूठे वादे को साबित करती है। अपराध के क्षेत्र में प्रदेश मे मुकदमे 8 लाख 60 हज़ार से अधिक दर्ज हो चुके हैं, विशेषकर महिलाओं के विरुद्ध 47 माह में एक लाख 55 हज़ार मामले दर्ज हो चुके हैं, 25 हज़ार से अधिक मामले सिर्फ बच्चियों एवं महिलाओं के साथ दुष्कर्म एवं गैंगरेप के हैं। जो सुरक्षित शासन नही दे सका।
