बर्थडे पार्टी जाना चाहते थे; परिवार ने मना किया, तो चुपके से बाइक लेकर निकल गए
गाजियाबाद : गाजियाबाद से 3 छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। पूरी रात खोजबीन के बावजूद तीनों का कोई सुराग नहीं लगा है। रविवार सुबह परिजन वेव सिटी थाने पर पहुंचे हैं और तीनों की मिसिंग कम्प्लेंट की है। वेव सिटी थाना क्षेत्र के गांव सादात नगर इकला से यश, यीशू और विशाल शनिवार शाम करीब 6 बजे किसी दोस्त की बर्थडे पार्टी में जाने के लिए कह रहे थे। परिजनों ने शाम का वक्त होने की वजह से घर से बाहर कहीं भी जाने से मना कर दिया। इसके बाद वो चुपके से घर से एक बाइक लेकर बिना कुछ बताए निकल गए। रात तक भी जब वे नहीं लौटे तो खोजबीन शुरू हुई। परिजनों ने पूरे गांव में उन्हें ढूंढा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। ये भी पता नहीं चल पाया कि बर्थडे पार्टी किसके यहां पर थी।
तीनों किशोरों की उम्र 14 से 15 साल के बीच है। वे कक्षा छह, सात और आठवीं के छात्र हैं। विशाल के पिता रिटायर फौजी हैं, जबकि अन्य दो बच्चों के पिता खेतीबाड़ी करते हैं। तीनों ही एक कुनबे के सदस्य हैं और रिश्ते में भाई लगते हैं। परिवार के सदस्य संजय नागर ने बताया कि तीनों बच्चों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। रविवार सुबह को वे वेव सिटी थाने पर सूचना देने के लिए आए हैं।
वेव सिटी थाना पुलिस ने इस मामले में तीनों छात्रों के अपहरण का केस दर्ज कर लिया है। ये मुकदमा छात्र यश नागर के पिता रविंद्र कुमार ने दर्ज कराया है। पुलिस ने टीम बनाकर तीनों छात्रों की तलाश शुरू कर दी है। यश नागर रेडिकॉम स्कूल में कक्षा छह में पढ़ता है। जबकि विशाल आठवीं और यीशू सातवीं कक्षा में विद्या ज्योति पब्लिक स्कूल के छात्र हैं।
गाजियाबाद से 3 छात्र लापता
