पन्ना : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि अभद्र भाषा का इस्तेमान करना कांग्रेस की आदत है। श्री शर्मा ने आज छतरपुर और पन्ना में जिला भाजपा की विस्तारित बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा भाजपा के बारे में अभद्र शब्दों का इस्तेमाल कोई आश्चर्यजनक बात नहीं है। बयानबाजी में अमर्यादित शब्दों का उपयोग कांग्रेस नेताओं की पुरानी आदत रही है। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से खिसिया गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने जो बयान दिया है, वह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का अपमान है।
