गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

त्रिपुरा सीमा पर भाजपा नेता को लगी गोली

अगरतला। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों और तस्करों के एक कथित समूह के बीच त्रिपुरा में सिपाहीजला के सोनमुरा सीमा चौकी पर गोलीबारी हुई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक युवा नेता गोली लगने से घायल हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि घटना मंगलवार रात को उस वक्त घटी, जब कथित तौर पर कुछ तस्कर तस्करी करने की मंशा के साथ भारत-बंगलादेश सीमा पर तार की बाड़ के पार सामान ले जा रहे थे। उसी दौरान, बीएसएफ जवानों ने उऩ्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन, तस्करों ने गोलीबारी शुरू कर दी और तस्कर के समूह में शामिल भाजपा के एक युवा नेता अबुल हुसैन को गोली लग गयी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया लेकिन उसके साथ अंधेरे का फायदा उठाते हुए उसे लेकर मौके से फरार हो गये। हुसैन के गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसे बॉक्सानगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि बॉक्सनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों द्वारा पुलिस को सूचित किया गया कि अबुल को गोली लगने के कारण अस्पताल लाया गया था, लेकिन उसे गंभीर हालत में त्रिपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। इस बीच बीएसएफ ने भी मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके मुताबिक यहां पुलिस ने अबुल से रात में अस्पताल में पूछताछ की और उसका बयान दर्ज किया।
अबुल ने कहा कि बीएसएफ जवानों की गोली उनको उस वक्त लगी, जब वह सीमावर्ती सड़क पर जा रहा था। उस दौरान, उनके पास कोई सामान नहीं था, तो तस्करी करने की बात ही कहां है? उसने कहा कि यह झूठे आरोप लगाकर उसे और उसकी पार्टी को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। दूसरी ओर बीएसएफ अधिकारियों ने कहा कि सीमा पर गश्त कर रहे जवानों ने गेट नंबर 174 के पास सीमा पर कुछ संदिग्ध गतिविधि दिखी थीं। उन्होंने कहा कि अबुल इसके पहले भी तस्करी गतिविधियों और सीमा पार अपराधों में शामिल रहा है और बीएसएफ रिकॉर्ड में सूचीबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *