गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कर्नाटक में बंद जगहों पर मास्क पहनना हुआ अनिवार्य

बेलगावी : कर्नाटक सरकार ने गुरुवार को कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के प्रसार की रोकथाम हेतू बंद स्थानों और वातानुकूलित कमरों में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। राज्य सरकार ने अगले वर्ष होने वाले चुनाव के मद्देनजर इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई) और सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इलनेस (एसएआरआई) का अनिवार्य परीक्षण कराने का भी फैसला किया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ के सुधाकर ने आज यहां संवाददाताओं से कहा, “सरकार इनडोर स्थानों, बंद स्थानों और वातानुकूलित कमरों में मास्क पहनने की सलाह जारी करने जा रही है। साथ ही, पूरे कर्नाटक में आईएलआई और एसएआरआई मामलों का परीक्षण अनिवार्य होगा।”
मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की अध्यक्षता में कोविड पर हुई बैठक के बाद उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि बैठक में राज्य में कोविड के प्रसार को रोकने के लिए सरकार की तैयारियों और उठाए जाने वाले कदमों की समीक्षा की गई। यह बैठक चीन सहित दुनिया के कुछ हिस्सों में कोविड मामलों में तेजी के मद्देनजर बुलाई गई थी। डॉ सुधाकर ने कहा कि सरकार ने एक महीने के भीतर राज्य भर में विशेष शिविर लगाकर बूस्टर खुराक कवरेज को मौजूदा 20 से 60 प्रतिशत तक बढ़ाने का भी फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने ऑक्सीजन जनरेटर की स्थिति, आपूर्ति नेटवर्क और ऑक्सीजन सिलेंडर की कार्यप्रणाली का परीक्षण करने के लिए सभी सरकारी और निजी अस्पतालों का दौरा करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, “पॉजिटिव मरीजों के सभी सैंपल जीनोमिक सीक्वेंसिंग के लिए प्रयोगशाला भेजे जाने हैं।” उन्होंने कहा कि एहतियाती खुराक के 100 प्रतिशत कवरेज को सुनिश्चित करने के लिए राज्यव्यापी टीकाकरण शिविर भी लगाए जायेंगे उन्होंने ट्वीट किया, “मैं सभी लोगों से टीकों के बारे में गलत सूचना और आशंकाओं को दूर करने और यह सुनिश्चित करने की अपील करता हूं कि सभी को तीन खुराक के साथ टीका लगाया जाए। मैं विश्वास दिलाता हूं कि हमारी सरकार महामारी को कम करने के लिए जो कुछ भी करेगी, करेगी। आइए हम मिलकर वायरस को हराएं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *