गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

किसानों को समर्पित राज्य सरकार

भरतपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार को किसानों के लिए समर्पित बताते हुए कहा है कि राज्य सरकार किसानों के हित में अह्म फैसले ले रही है और वह उनके लिए समर्पित योजनाएं संचालित कर रही हैं। श्री गहलोत शुक्रवार को भरतपुर के एमएसजे कॉलेज ग्राउंड में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरणसिंह जी की 120वीं जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से राज्य के किसानों को आर्थिक संबल मिलने के साथ ही उनका जीवन खुशहाल हुआ है। उन्होंने किसानों को प्रदेश की आर्थिक नीति में एक अहम कड़ी बताते हुए कहा है कि इसी को देखते हुए हमारी सरकार द्वारा देश में पहली बार किसानों के लिए अलग से बजट प्रस्तुत किया गया।
इस दौरान उन्होंने भरतपुर क्षेत्र के लगभग 693.91 करोड़ रूपए के विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरणसिंह जी क्रांतिकारी विचारों के धनी थे। उनका पूरा जीवन संघर्षपूर्ण रहा लेकिन फिर भी चौधरी जी ने हार नहीं मानी। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी जी ने आजादी की जंग में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। आजादी के बाद भी वे किसानों तथा गरीबों के अधिकारों के लिए लड़ते रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने महाराजा सूरजमल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए तथा राज्य सरकार के चार साल पूरे होने पर जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। साथ ही, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित जिला दर्शन पुस्तिका एवं अन्य प्रचार-प्रसार सामग्री का विमोचन भी किया। विकास प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी शहरी रोजगार योजना, कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी वितरण योजना, चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के लाभार्थियों से संवाद किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 22 लाख किसानों के ऋण माफ किए गए हैं। मुख्यमंत्री किसान ऊर्जा मित्र योजना से प्रतिमाह एक हजार रूपए का अनुदान दिया जा रहा है जिससे आठ लाख किसानों का बिजली बिल शून्य हो गया है। श्री गहलोत ने कहा कि किसानों के बिजली कनेक्शन के लंबित मामलों का भी जल्द निस्तारण किया जाएगा। किसानों को सिंचाई के लिए बिजली दिन में उपलब्ध कराई जा रही है। किसानों को अब नई तकनीक से उन्नत कृषि करने के लिए सभी उपकरणों पर अनुदान दिया जा रहा है।
श्री गहलोत ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं से राजस्थान पूरे देश में अग्रणी राज्य है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से आमजन की जेब पर आने वाला भार कम हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में राज्य निरन्तर प्रगति कर रहा है। महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में विद्यार्थियों को अंग्रेजी माध्यम में निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। राज्य में 211 महाविद्यालय खोले गए हैं, जिनमें 94 बालिका महाविद्यालय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *