श्रीनगर : कश्मीर घाटी में शुक्रवार को कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान में सुधार दर्ज किया गया लेकिन कड़ाके की ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने 26 दिसंबर को घाटी के उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के ऊंचे इलाकों में ज्यादातर बादल छाए रहने और अलग-अलग स्थानों पर हल्की बर्फ गिरने का अनुमान जताया है। इसके अलावा 29 व 30 दिसंबर के दौरान जम्मू के अलग-अलग स्थानों पर और कश्मीर के छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी के आसार व्यक्त किये हैं। आगामी 26 दिसंबर से माह के अंत तक न्यूनतम तापमान में सुधार होगा।
जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में गुरुवार को मौसम की सबसे ठंडी रात का अनुभव करने के बाद न्यूनतम तापमान में मामूली सुधार हुआ। इस दौरान यहां तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया, जो शुक्रवार को शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। मौसम की इस अवधि के दौरान यह अभी भी सामान्य से शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
दक्षिण कश्मीर में पहलगाम का पर्यटन स्थल कश्मीर घाटी का सबसे ठंडा हिस्सा बना रहा, पहलगाम में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में कुछ डिग्री सुधार हुआ और यह शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस नीचे था। मौसम के इस समय के दौरान घाटी के लिए तापमान सामान्य से शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था।
उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पिछली रात यह 5.8 डिग्री सेल्सियस था। मौसम की इस अवधि के दौरान गुलमर्ग के लिए यह सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में रात का तापमान एक दिन पहले शून्य से नीचे 4.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। कोकरनाग में न्यूनतम तापमान में कुछ डिग्री सुधार हुआ और यह एक दिन पहले 3.3 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के कार्यालय ने बताया कि कश्मीर के सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा का तापमान शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
कश्मीर में कड़ाके की ठंड से राहत के आसार नहीं
