लुधियाना : पंजाब के प्रवासी भारतीय मामलों संबंधी मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने आज कहा कि पंजाब सरकार प्रवासियों के मसले कम से कम समय में हल करने के लिए शीघ्र ही फास्ट ट्रैक अदालतों की स्थापना करेगी। श्री धालीवाल यहां गुरू नानक देव भवन में आयोजित तीसरे पंजाबी प्रवासी भारतीय मिलन कार्यक्रम की अध्यक्षता करते समय बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यह अदालतें प्रवासी भारतियों (एन.आर.आई.) के सिविल मामलों से सम्बन्धित मुद्दों के तेज़ी से निपटारे के लिए समर्पित होकर काम करेंगी।
श्री धालीवाल ने कहा कि प्रवासी भारतियों को राज्य की तरक्की में सक्रिय हिस्सेदार बनाया जाएगा। उन्होंने प्रवासी पंजाबियों की तरफ सेे गांवों और शहरों के विकास में दिए जा रहे योगदान की भी सराहना की। उन्होंने आगे बताया कि जिलों में नोडल अफसर तैनात किए जा रहे हैं, जो प्रवासी भारतियों के मसले बिना किसी देरी के जल्द से जल्द निपटाएंगे।
सिविल और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की हाजिरी में मंत्री ने जिला लुधियाना, संगरूर, मलेरकोटला और बरनाला के प्रवासी भारतीयों की समस्याएं सुनी और हिदायत की कि इन शिकायतों का तुरंत निपटारा किया जाए। आज के समारोह के दौरान कुल 170 मामलों की सुनवाई हुई। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाबी प्रवासी भारतीयों के साथ अगला कार्यक्रम 26 दिसंबर को मोगा और 30 दिसंबर को अमृतसर में होगा, जिसके लिए पंजीकरण पोर्टल या मौके पर किया जा सकता है।
प्रवासी पंजाबियों के लिए फास्ट ट्रैक अदालतें बनाई जाएंगी
