जैसलमेर : राजस्थान में सीमांत जैसलमेर जिले में पुलिस ने करीब साठ लाख रुपए की अवैध शराब बरामद की हैं। पुलिस अधीक्षक भंवर सिंह नाथावत ने बताया कि गुरुवार को नाचना थानाधिकारी अजीत सिंह मय टीम द्वारा एक सूचना पर नाचना फाटा से मोहनगढ़ जाने वाली मुख्य सड़क पर नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान संदिग्ध टर्बो ट्रक को रुकने का इशारा किया तो चालक तेज गति से ट्रक को मोहनगढ़ रोड की तरफ भगा ले गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम द्वारा ट्रक का पीछा किया गया। नाचना फाटा से करीब 10-15 किलोमीटर मोहनगढ़ की तरफ तेज गति से भाग रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटी खा गया। पुलिस जाब्ता के पास पहुंचने से पहले चालक अंधेरे का फायदा उठाकर बबूल की झाड़ियों की आड़ में भाग गया। जिसे काफी तलाशा गया, मगर सफलता नहीं मिली। ट्रक की तलाशी लेने पर सेव की पेटियां के नीचे अवैध शराब की पेटियां रखी थी। इनमें मेक डॉल नंबर वन व्हिस्की के 300 कार्टन तथा रॉयल चैलेंज व्हिस्की के 525 कार्टन है। सेव की 161 पेटियां वजन 1720 किलो मिली। अवैध शराब से भरे ट्रक को आबकारी अधिनियम के तहत जप्त कर थाना नाचना पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
जैसलमेर पुलिस ने पकड़ी 60 लाख की अवैध शराब
