उदयपुर : राजस्थान के राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने कहा है कि राज्य की जीडीपी 11.04 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ी है। डबल डिजिट में जीडीपी बढ़ना राज्य के लिए अच्छा प्रतीक है एवं देश के अग्रणी राज्यों में है। श्री जाट राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज यहां सूचना केन्द्र में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्हाोंने तीन साल में प्रति व्यक्ति आय में 26.81 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। राजस्थान में बजट का 7 प्रतिशत स्वास्थ्य पर खर्च हो रहा है। पिछली सरकार से हेल्थ का बजट दो गुना किया गया है।
उन्होंने कहा कि हार्ट ट्रांसप्लांट, बोनमैरो ट्रांसप्लांट, कोक्युलर इंप्लांट समेत तमाम महंगे ट्रांसप्लांट एवं इंप्लांट का पूरा खर्च पैकेज बनाकर राज्य सरकार दे रही है। देश का पहला हेलिपेड वाला आईपीडी टॉवर जयपुर में निर्माणाधीन है। यहां पर मरीज को हेलिकॉप्टर से लाने की सुविधा होगी। 4 साल में 1639 महात्मा गांधी राजकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले गए हैं जिनमें करीब 3 लाख बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं।
श्री जाट ने कहा कि 16 हजार मेगावॉट सोलर एनर्जी क्षमता के साथ देश में प्रथम स्थाान प्राप्त किया है। राजस्थान में बन गई हैं देश की सबसे बेहतरीन सड़कें जिससे सुरक्षित परिवहन एवं आवागमन हो रहा है। यहां इन्वेस्ट राजस्थान समिट हुआ जहां देश-दुनिया के बड़े बिजनेसमैन आए और 11 लाख करोड़ रुपये के एमओयू-एलओआई हुए। प्रभारी मंत्री जाट ने कहा कि उदयपुर में राजस्थान फसली ऋण माफी योजना में 19 हजार किसानों का 52 करोड़ रुपये का ऋण माफ किया गया।
अल्पकालीन ब्याजमुक्त फसली ऋण योजना में लगभग 2 लाख कृषकों को 910 करोड़ रूपए का ऋण वितरित। ऐसे ही मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना में गत चार वर्ष की अवधि में 842 आवेदकों को 4 करोड़ रुपयों का ब्याज अनुदान स्वीकृत किया गया। जिले में कुल 42 महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खोले गए हैं जिनमें 14 हजार 474 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इस अवसर पर कांग्रेस के सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं पूर्व सांसद रघुवीरसिंह मीणा, जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला, जिला कलक्टर ताराचंद मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं आलाधिकारी उपस्थित थे।
