गढ़चिरौली/नागपुर : महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गये। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी है। अधिकारी के अनुसार गढ़चिरौली जिले के धमरांचा इलाके में नक्सलियों के छिपे होने की विशेष सूचना थी। उन्होंने बताया कि सी-60 कमांडो और छत्तीसगढ़ सुरक्षा बल की संयुक्त दल जब एंटी तलाशी अभियान चला रहे थे तो छिपे हुए नक्सलियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
हालांकि पुलिस की ओर से बढ़ते दबाव को देखते हुए नक्सली जंगल में भाग गए। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ थमने के बाद घटनास्थल से दो शव बरामद हुए। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि अभियान में सुरक्षाकर्मियों को किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि तलाशी अभियान जारी है।
गढ़चिरौली मुठभेड़ में 2 नक्सली ढेर
