भुवनेश्वर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई ने शनिवार को 26 दिसंबर यानी बीजू जनता दल (बीजद) के स्थापना दिवस के मौके पर सत्याग्रह शुरू करने की घोषणा की। ओडिशा प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष समीर मोहंती ने कहा कि हत्या के कई मामलों में राज्य की बीजद सरकार मंत्रियों और नेताओं के शामिल होने तथा उन पर लगे आरोपों के गवाहों को खत्म करने के विरोध में सत्याग्रह का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ममिता मेहर हत्याकांड, पुरी जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र साहू हत्याकांड और महांगा दोहरे हत्याकांड के गवाहों को खत्म कर दिया गया। इन मामलों में किसी को न्याय नहीं मिला। उन्होंने कहा कि ओडिशा सरकार ने सबूत नष्ट करने का रिकॉर्ड बनाया है। भाजपा नेता ने कहा कि भाजपा राजनीति के अपराधीकरण और महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा का विरोध कर रही है। भाजपा अगले 26 दिसंबर को राज्य के सभी अनुमंडलों में स्थित सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं के सामने चार घंटे तक सत्याग्रह करेगी।
भाजपा 26 दिसंबर को करेगी सत्याग्रह
