श्रीनगर में पारा माइनस 5 पहुंचा; दिल्ली में कोहरे के चलते विजबिलिटी कम
नई दिल्ली। दिल्ली समेत देश के उत्तरी हिस्सों में लगातार चौथे दिन सुबह घना कोहरा छाया रहा। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा से लेकर बिहार तक 11 राज्य शीतलहर की चपेट में हैं। श्रीनगर में चिलईकलां का दौर जारी है, इसके चलते पारा -5 पहुंच गया है। वहीं दिल्ली में कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही।
ठंड की वजह से बिहार में दो और लोगों की मौत हो गई है। भागलपुर में तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। शीतलहर को देखते हुए बिहार में स्कूल 31 दिसंबर तक बंद कर दिए गए हैं। उधर, हरियाणा में भी 5.8 डिग्री तक तापमान पहुंच गया है।
अभी और बढ़ेगी सर्दी, एक हफ्ते तक कोहरा भी पड़ेगा
मौसम विभाग के अनुसार, 25 दिसंबर से एक हफ्ते के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और त्रिपुरा में रात या सुबह के समय घना कोहरा छाये रहने की संभावना है। इन राज्यों में अगले दो दिनों में सर्दी और बढ़ सकती है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार में घना कोहरा और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में 26 दिसंबर को पारा 4 डिग्री तक गिर सकता है।
