गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

विधानसभा चुनाव में भी होगा ओपीएस का मुद्दा

चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा में विपक्ष और कांग्रेस विधायक दल के नेता तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि पार्टी सरकारी कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन योजना(ओपीएस) बहाल करने के लिये प्रतिबद्ध है तथा राज्य विधानसभा के अगले चुनावों में कांग्रेस का यह मुद्दा होगा। श्री हुड्डा ने आज यहां विधानसभा परिसर में विपक्ष के नेता के कक्ष में एक विशेष सवाल पर यह जानकारी दी। उन्हाेंने कहा कि ओपीएस की मांग जायज है तथा पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में इसे मुद्दा बनाएगी और सत्ता में आने पर इसे अवश्य लागू करेंगे।

उन्होंने दावा किया कि समाज का हर वर्ग राज्य की भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि स्कूलों में शिक्षक और अस्पतालों में डाक्टर नहीं हैं। राज्य में सड़कों में गड्ढे नहीं बल्कि गड्ढों में सड़कें हैं। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। किसान और व्यापारी बद्हाल हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में उमड़ रहा जन सैलाब इस बात का द्योतक है कि राज्य की मौजूदा सरकार के दिन लद गये हैं। जनता अब कांग्रेस को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है।
उन्होंने श्री गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के हरियाणा में पहले चरण की कामयाबी के लिये लोगों का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि फिरोजपुर झिरका से फरीदाबाद और दिल्ली बॉर्डर तक लाखों की तादाद में लोग यात्रा का हिस्सा बने। लोगों के उत्साह को देखकर लगता है कि पहला चरण तो सिर्फ टीजर था, ट्रेलर और पूरी फिल्म तो दूसरे चरण में देखने को मिलेगी। राज्य विधानसभा के आज से शुरू हुये शीतकालीन सत्र से उनकी अध्यक्षता में पार्टी विधायक दल की बैठक हुई जिसमें सत्र के दौरान अपनाई जाने वाली रणनीति पर चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *