अजमेर : राजस्थान के पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा ने नई पीढ़ी को खेलों के साथ जोड़ने के उपायों पर जोर दिया है। अजमेर जिले के केकड़ी विधायक डॉ शर्मा आज केकड़ी के पटेल मैदान में आठवीं अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यह केकड़ी के लिए गौरव की बात है कि मेजर ध्यानचंद हॉकी क्लब केकड़ी के तत्वावधान में आठवीं राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता यहां शुरू हुई है जिसमें देशभर से 32 टीमें भाग ले रही है।
उन्होंने कहा कि केकड़ी में इस प्रतियोगिता का होना गर्व का विषय है। साथ ही इससे नई पीढ़ी को खेल से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने जीवन में खेल के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि खेलने से आदमी शारीरीक और मानसिक दोनों तरह से स्वस्थ रहता है।
डॉ शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए विधानसभा क्षेत्र के हर ग्राम पंचायत मुख्यालय पर चालीस लाख रुपये की लागत से खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं। गांव में ओपन जिम का निर्माण किया जा रहा है। केकड़ी के पटेल मैदान पर 10 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से खेल स्टेडियम व स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। उद्घाटन सत्र में नसीराबाद के पूर्व विधायक महेंद्र सिंह गुर्जर व युवा कांग्रेसी सागर शर्मा भी उपस्थित रहे।
