श्रीगंगानगर : राजस्थान के श्रीगंगानगर में गीत संगीत और कला को समर्पित इलाके की जानी-मानी संस्था राष्ट्रीय कला मंदिर द्वारा नव वर्ष पर संगीत महफिल का आयोजन किया जाएगा। अध्यक्ष वीरेंद्र वैद ने बताया कि 30 दिसंबर की शाम संगीत महफिल स्थानीय बाबा रामदेव मंदिर के सामने चौधरी रामजस कलासदन (वातानुकूलित ऑडिटोरियम)में आरंभ होंगी। मुख्य आकर्षण हाल ही वॉयस ऑफ राजस्थान का खिताब हासिल करने वाली हनुमानगढ़ जिले के नोहर तहसील क्षेत्र के गांव दुर्जाना की गायिका रुखसाना होगी।
कार्यक्रम में रुखसाना को संस्था की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा। सचिव शिव जालान ने बताया कि मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सतर्कता) उम्मेदसिंह रत्नू, और विशिष्ट अतिथि एसएन सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल के डायरेक्टर विकास सिहाग होंगे। कार्यक्रम में और भी कई कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। गीत संगीत से भरपूर यह कार्यक्रम श्रोताओं को आनंदित कर देगा।
