गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर नजर रखें फार्मा कंपनियां

नयी दिल्ली : केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने कुछ देशों में कोविड संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के मद्देनजर भारतीय फार्मा कंपनियों से वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर नजर रखने और आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखने को कहा है। मांडविया ने बृहस्पतिवार को यहां ऑनलाइन भारतीय फार्मा कंपनियों के साथ एक समीक्षा बैठक में कहा कि भारतीय फार्मा क्षेत्र मजबूत और जिम्मेदार है। कोरोना महामारी के दौरान भारतीय फार्मा ने अपनी शक्ति दिखाई है। उन्होंने कहा “ यह उनकी ताकत के कारण है कि हम न केवल कोरोना महामारी के दौरान अपनी घरेलू मांग को पूरा कर सके, बल्कि 150 देशों को दवाओं की आपूर्ति करने की स्थिति में भी रहे।”
केंद्रीय मंत्री ने फार्मा कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ कोविड प्रबंधन दवाओं की स्थिति, पर्याप्तता और उत्पादन क्षमताओं की समीक्षा की, ताकि भारत किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार हो सके । यह समीक्षा बैठक दुनिया भर के कुछ देशों में कोविड संक्रमण के मामलों में तेज वृद्धि को देखते हुए की गई थी। मांडविया ने फार्मा कंपनियों को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला परिदृश्य पर कड़ी नजर रखने को कहा ।

उन्हें एपीआई के उत्पादन और उपलब्धता के साथ-साथ कोविड प्रबंधन के लिए आवश्यक दवाओं के निर्माण की बारीकी से निगरानी करने के लिए भी कहा गया। उन्हें खुदरा स्तर तक आपूर्ति श्रृंखला में कोविड दवाओं सहित सभी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।केंद्रीय मंत्री ने‌‌ फार्मा कंपनियों को निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *