चंडीगढ़ : पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता ने सरकारी बैठकों में कथित रूप से ‘बाहरी‘ तत्वों की उपस्थिति को लेकर सरकारी अधिकारियों पर गोपनीयता की शपथ के उल्लंघन का गुरुवार को आरोप लगाया। बाजवा ने इस संबंध में राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने एक वेबसाइट के खुलासे के हवाले से आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी ने सभी सरकारी विभागों में समानांतर प्रशासनिक व्यवस्था बनायी हुई है। वीडियो क्लिप में सरकार की तरफ से किसी पद पर नियुक्त नहीं किये गये नवल अग्रवाल मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हो रही बैठक में मौजूद दिखते हैं।
बाजवा ने आरोप लगाया है कि यह अधिकारियों की तरफ से गोपनीयता की शपथ का उल्लंघन है और संबंधित विभाग का मंत्री भी अपने अधिकारियों के इस असंवैधानिक व्यवहार के लिए जवाबदेह है। बाजवा ने यह भी आरोप लगाया है कि अग्रवाल पंजाब सचिवालय की आठवीं मंजिल पर कमरा नंबर पांच में रह रहे हैं जो आधिकारिक रूप से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को आवंटित किया गया है।
बाजवा ने पत्र में इसी साल मई में 424 लोगों की सुरक्षा में कटौती के फैसले को सार्वजनिक करने का भी मामला उठाया है, जिसके दूसरे दिन ही पंजाब गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या हो गई थी औैर कहा कि आज तक यह पता नहीं चला है कि किसके कहने पर वह सूची सार्वजनिक की गई।
आप ने बनायी है समानांतर प्रशासनिक व्यवस्था
