सुलतानपुर : मेनका संजय गांधी ने आज कहा कि सुल्तानपुर जनपद का चौतरफा विकास करना हमारा लक्ष्य है। सुल्तानपुर जिले के विकास भवन सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वयन एवं निगरानी समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए गांधी ने काम से संतुष्ट न होने पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं जल निगम के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। आवास विकास परिसर में एक वर्ष पूर्व गृहमंत्री की सभा के दौरान हटाए गई विद्युत केबिल को तत्काल लगाने के निर्देश दिए। सांसद ने बिजली विभाग के मीटर रीडर द्वारा पैसे लेकर नकली बिल देने का मामला उठाया। उन्होनें कहा कि अब गलत बिल देने पर मीटर रीडर को जेल जाना पड़ेगा।
उन्होंने वन विभाग द्वारा सड़क चौड़ीकरण के दौरान पेड़ काटने के नाम पर लिए गए 01 करोड़ से अधिक लिए गये रुपयों में से बचे रूपयों को पीडब्ल्यूडी को वापस भेजने, जेल में स्थित गौशाला में कैदियों से पैसा लेकर ड्यूटी लगाने, यूपीडा द्वारा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई 200 से अधिक सड़कों के निर्माण पूरा कराने, काशीराम में अपात्रों की सूची बनाने , नगर पालिका द्वारा वार्ड नंबर 02 में कूड़ा डंप कर जलाने की प्रक्रिया को तत्काल समाप्त करने व निस्तारण के लिए मशीन लगाने के निर्देश दिया।
एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, सदर विधायक राजबाबू उपाध्याय, कादीपुर विधायक राजेश गौतम ने सड़कों के निर्माण, अंडरपास, ब्लाकों में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं जिले की समितियों को सार्वजनिक करने की मांग की। इसौली विधायक मो़ ताहिर खान ने ब्लॉक में वर्षो से रखी ट्राई साइकिल को वितरित करने की मांग किया। बैठक में नगर क्षेत्र में आवास विकास स्थित पीएम आवास अपात्रों को आवंटित करने का मामला भी बैठक में उठाया गया।
गांधी ने आवास आवंटन में धांधली की जांच किए जाने के निर्देश दिए है। इसके पूर्व गांधी ने अपने आवास पर आयोजित जनता दर्शन में बड़ी संख्या में फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण किया।सांसद श्रीमती गांधी ने आज दिशा की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आज की बैठक में विकास कार्यों के क्रियान्वयन एवं प्रगति पर समीक्षा की गई। अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए है।
गांधी ने कहा कि लखनऊ वाराणसी राजमार्ग को पूर्ण करने की अवधि 31 मार्च तक बढ़ा दी गई है। गांधी ने बताया कि जिले के लोगों के स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए वह बेहद चिंतित है जिसके लिए उनकी उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से वार्ता हुई है। उन्होंने डॉक्टरों की कमी को पूरा करने का आश्वासन दिया है।
गांधी ने कहा कि हर गांव में एक वन की स्थापना की बात कही गई थी जिसके परिपेक्ष में अब तक 100 गांवों को चिन्हित कर भूमि उपलब्ध करा दिया गया है। बैठक में सीडीओ अंकुर कौशिक, परियोजना निदेशक पीके पाण्डे,प्रतिनिधि रणजीत कुमार,ब्लाक प्रमुख प्रात्येश सिंह बंटी,चन्दर प्रताप सिंह,सर्वेश मिश्रा, सहित तमाम विभागों के अधिकारी व विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। सांसद मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि श्रीमती गांधी 11 जनवरी को पुनः तीन दिवसीय दौरे पर जिले में पहुंचेगी।
चौतरफा विकास लक्ष्य : मेनका
