जैसलमेर : राजस्थान में जैसलमेर जिले के रामदेवरा थाना क्षेत्र में फलौदी मार्ग पर नए साल के अवसर पर रामदेवरा दर्शन करके लौट रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे कार में सवार दो बालिकाओं की मौत हो गई तथा चार लोग घायल हो गये। घटना की जानकारी मिलने पर रामदेवरा थानाधिकारी दलपत सिंह मय पुलिस के मौके पर पहुंचे एवं राहत बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को फलौदी एवं जोधपुर रैफर करवाया। बाद में पुलिस दल फलौदी भी पहुंचा एवं मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि सुमेरपुर से माली जाति का एक परिवार नए साल के अवसर पर सुख स्मृद्वि की कामना के लिये इंडिगो कार में रामदेवरा कस्बे में रविवार को दर्शनों के लिये आया था। दर्शन करके सुमेरपुर लौटते समय फलौदी मार्ग पर शरणायत फांटा के पास कार बस को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर पलट गयी।
उन्होंने बताया कि इस दौरान राहगीरों ने निजी वाहन से सभी को फलौदी अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान रास्ते में ही दो बालिकाओं की मृत्यु हो गई जबकि चार का इलाज शुरू किया गया। जिनमे से एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर होने से उसको जोधपुर रेफर किया गया। मृत दोनो बालिकाओं के शव फलौदी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए है। इसमें बालिका की उम्र 17 वर्ष एवं 20 वर्ष बताई गई है।
दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार पलटी, 2 की मौत
