गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पहलगाम, गुलमर्ग में मौसम की सबसे सर्द रात

श्रीनगर : कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है जबकि पर्यटन स्थलों पहलगाम और गुलमर्ग में नए साल की पूर्व संध्या पर मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर में मुख्य रूप से शुष्क मौसम जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। दक्षिण कश्मीर में पर्यटक स्थल पहलगाम में ठंड का प्रकोप जारी है और नए साल की पूर्व संध्या के अवसर पर लगातार दूसरे दिन मौसम की सबसे ठंडी रात देखी गई। रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया जबकि पिछली रात न्यूनतम तापमान शून्य से 9.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम की इस अवधि के लिए यह सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम था।
प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान एक दिन पहले शून्य से 8.0 डिग्री सेल्सियस नीचे के मुकाबले रविवार को शून्य से 8.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पिछली रात शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया था। सीजन की इस अवधि के दौरान यह सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
दक्षिण कश्मीर में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस और कोकरनाग में शून्य से 0.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पिछली रात तापमान शून्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *